पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने किया जिला युवा महोत्सव का शुभारंभ, युवाओं का बढ़ाया उत्साह, जिला की सरकारी शिक्षण संस्थानों के 800 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में की प्रतिभागिता
कुरुक्षेत्र, 20 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि युवा देश का भविष्य है और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना समय की आवश्यकता है। आज के युवा प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे है। जिला युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को जिला स्तर से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता पर निर्भर करती है। जब युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और कौशल दिखाने का सही अवसर मिलता है, तो न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि वे समाज और देश को नई दिशा भी देते है।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा गत्त दिवस औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग व जिला प्रशासन के तत्वाधान में आयोजित जिला युवा महोत्सव-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज की सबसे बड़ी ताकत है। जब उनकी रचनात्मकता और कला को सही मंच मिलता है, तो वे असंभव को भी संभव कर दिखाते है। युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए उन्हें उचित मार्गदर्शन और मंच प्रदान करना बेहद जरूरी है। शिक्षा के साथ-साथ नृत्य, संगीत, नाटक, लेखन और चित्रकला जैसी गतिविधियां युवाओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती है। इस प्रकार के आयोजन न केवल हमारी समृद्ध संस्कृति को जीवित रखते है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी संचार करते है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य विशाल सोढी ने कहा कि इस जिला स्तरीय युवा महोत्सव में कुरुक्षेत्र जिले के विभिन्न सरकारी शिक्षण संस्थानों एवं अन्य संस्थानों से 800 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव में छह अलग-अलग विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 170 से अधिक छात्र/छात्राओं ने बढ़-चढक़र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, नुक्कड़ नाटक, भाषण लेखन, पेंटिंग, वाद्य संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी कला और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रिंसीपल विशाल सोढी ने कहा कि इस कार्यक्रम के मंच पर विद्यार्थियों की एक से बढक़र एक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, मंच पर प्रस्तुति देने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा एक-दूसरे से सीखने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। प्रधानाचार्य विशाल सोढ़ी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थानों का आभार व्यक्त किया।







