पटियाला, 21 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): जनगणना संचालन पंजाब, चंडीगढ़ के सहायक निदेशक श्री विनोद कुमार यादव ने अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास)-कम-जिला जनगणना अधिकारी, पटियाला श्री सुनील फोगाट, आईएएस के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक जारी ‘जनगणना (Census) 2027’ के दूसरे चरण (Phase 2) की जनसंख्या गणना की प्रक्रियाओं और जिले में इस अभियान को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के संबंध में विचार-विमर्श करने के लिए आयोजित की गई। इस बैठक में उप अर्थ एवं सांख्यिकी सलाहकार-कम-अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, पटियाला श्रीमती जसविंदर कौर, जिला कोऑर्डिनेटर श्री अमन कुमार बलिहार और जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर श्री निशु शर्मा भी विशेष रूप से शामिल हुए।
बैठक के दौरान सहायक निदेशक श्री विनोद कुमार यादव और अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती जसविंदर कौर ने जनगणना 2027 के दूसरे चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रशासनिक, तकनीकी और जमीनी स्तर की तैयारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। उन्होंने डिजिटल जनगणना के तहत स्व-गणना (Self-Enumeration) पोर्टल के उपयोग को प्रोत्साहित करने और फील्ड स्टाफ की कार्यक्षमता को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास)-कम-जिला जनगणना अधिकारी श्री सुनील फोगाट, आईएएस ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन की ओर से जनगणना संचालन टीम को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। इस अवसर पर श्री सुनील फोगाट ने जिले के सभी नागरिकों से विशेष अपील की कि वे जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपना योगदान देते हुए स्व-गणना (Self-Enumeration) में अधिक से अधिक भाग लें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही अपनी और अपने परिवार की सही जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना की प्रक्रिया और अधिक तेज, सरल एवं पारदर्शी बनेगी।







