हरियाणा, 22 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सुबह और शाम के समय कई जिलों में हल्की से मध्यम धुंध छा सकती है, जिससे सड़कों पर दृश्यता प्रभावित होने और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है।
महेंद्रगढ़ में सबसे कम 9.1 डिग्री तापमान दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में 9.4 डिग्री, झज्जर में 10.3 डिग्री, जींद में 11.2 डिग्री, सिरसा में 11.4 डिग्री और कैथल में 11.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
इसी तरह रोहतक में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री, पानीपत में 11.7 डिग्री, करनाल में 12.3 डिग्री, सोनीपत में 12.5 डिग्री, चंडीगढ़ में 12.8 डिग्री, गुरुग्राम में 13.1 डिग्री और फरीदाबाद में 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान में औसतन 1.1 डिग्री की गिरावट
शनिवार को प्रदेश में मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन अधिकतम तापमान में औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है।
अधिकतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार, हिसार में 28.6 डिग्री, फरीदाबाद में 28.3 डिग्री, करनाल में 28.0 डिग्री, जींद और कैथल में 26.9-26.9 डिग्री तथा कुरुक्षेत्र में 26.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री और भिवानी में 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह
सुबह और शाम के समय धुंध की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है। फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं और न्यूनतम तापमान में भी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं जताई गई है।







