नई दिल्ली, 22 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह) : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण भारत का तेल और गैस आयात बिल अक्टूबर में सालाना आधार पर 60 प्रतिशत बढ़कर 16 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। पेट्रोलियम मंत्रालय के अधीन पेट्रोलियम योजना एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ (पीपीएसी) के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2025 में यह शुद्ध आयात बिल 10 अरब डॉलर था।
आयात बिल में बढ़ोतरी की मुख्य वजह ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत का सालाना आधार पर लगभग दोगुना होकर 124.77 डॉलर प्रति बैरल पहुंचना रहा। हालांकि, मात्रा के लिहाज से कच्चे तेल का आयात केवल 11 प्रतिशत बढ़कर 2.33 करोड़ टन रहा। इस दौरान तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के आयात पर 1.3 अरब डॉलर खर्च किए गए, जबकि पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात से देश को 6.3 अरब डॉलर की कमाई हुई।
एक साल में कच्चे तेल की कीमत लगभग दोगुनी
आंकड़ों के अनुसार, ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत सितंबर में 116.77 डॉलर प्रति बैरल थी, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 64.75 डॉलर प्रति बैरल रही थी। वहीं, अक्टूबर में भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की औसत कीमत 119.91 डॉलर प्रति बैरल दर्ज की गई, जो एक साल पहले 65.08 डॉलर प्रति बैरल थी।
अप्रैल से अक्टूबर तक आयात बिल 97.7 अरब डॉलर
चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-अक्टूबर के दौरान भारत का शुद्ध तेल आयात बिल बढ़कर 97.7 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 70.3 अरब डॉलर था। इस अवधि में मात्रा के हिसाब से कच्चे तेल का आयात 2.7 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन इस पर कुल खर्च 111 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह खर्च 72.3 अरब डॉलर था।
एलपीजी की खपत और बिक्री में गिरावट
पीपीएसी के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की खपत में सालाना आधार पर 12.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अप्रैल-अक्टूबर की अवधि में भी एलपीजी की खपत 15.1 प्रतिशत कम रही।
1 नवंबर तक देश में सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या 32.6 करोड़ दर्ज की गई, जबकि 1 अप्रैल को यह संख्या 33.4 करोड़ थी।
सरकारी तेल कंपनियों की घरेलू एलपीजी बिक्री में अक्टूबर के दौरान 11.8 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं, थोक एलपीजी बिक्री 49.1 प्रतिशत घट गई। इसके विपरीत, ऑटो एलपीजी की बिक्री में 23.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पीपीएसी के ये आंकड़े दर्शाते हैं कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से भारत के ऊर्जा आयात खर्च पर दबाव बढ़ा है, जबकि घरेलू एलपीजी खपत और बिक्री में भी गिरावट दर्ज की गई है।







