Wednesday, November 25, 2026
HomeHaryanaभाजपा-शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन पंजाब को नई दिशा देने और मजबूत...

भाजपा-शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन पंजाब को नई दिशा देने और मजबूत बनाने का काम करेगा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा- यह राजनीतिक नहीं, बल्कि दिलों का स्वाभाविक गठबंधन है; पंजाब के हितों और लोगों के सम्मान के लिए मिलकर करेंगे काम

चंडीगढ़, 25 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को पंजाब के हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह गठबंधन राज्य को मजबूती देने, नई दिशा प्रदान करने और लोगों के सम्मान की रक्षा करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि दिलों का गठबंधन और स्वाभाविक साझेदारी है। इसका उद्देश्य पंजाब को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना और राज्य के लोगों की उम्मीदों को पूरा करना है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर हरियाणा और देशवासियों, विशेषकर पंजाब की संगत तथा राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सेवा, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी समाज को एकता और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने पंजाब के हितों को ध्यान में रखते हुए इस गठबंधन की पहल की है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के समय से भाजपा और अकाली दल के बीच चले आ रहे संबंधों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब से गैंगस्टरवाद और नशे को खत्म करने, किसानों को सम्मान देने, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा गरीबों के कल्याण के लिए काम करेगा। मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों से एकजुट होकर राज्य को मजबूत बनाने और उसे नई दिशा देने में भागीदार बनने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments