कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने गांव पिडारसी न्यू कॉलोनी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन का किया शिलान्यास
कुरुक्षेत्र, 25 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। बाबा साहब अम्बेडकर भवन का निर्माण भी इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण कदम है। इस भवन में समाज के कार्यक्रम, बैठकें, सांस्कृतिक आयोजन और बच्चों की शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। इससे समाज में एकता और भाईचारा और मजबूत होगा।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मंगलवार को गांव पिडारसी न्यू कॉलोनी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता (पूर्व विधायक) एवं , अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. बंताराम वाल्मीकि ने की।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को बराबरी का अधिकार दिया। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया और कहा कि शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो – यही बाबा साहब का मूल मंत्र था। प्रदेश सरकार बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और शिक्षा के बल पर पूरे विश्व में नाम कमाया। आज की युवा पीढ़ी को बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। सरकार हर गांव में अम्बेडकर भवनों के निर्माण, मरम्मत और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
चौ. बंततराम वाल्मीकि ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर भवन समाज की अस्मिता का प्रतीक है। इस भवन के बनने से गांव के लोगों को अपने सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक सुंदर स्थान मिलेगा। उन्होंने कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का गांव में भवन के शिलान्यास के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। इस अवसर पर गांव के सरपंच अनिल कुमार सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति, पंचायत सदस्य, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







