25 से 27 नवंबर तक आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं, बाल प्रतिभाओं को मिलेगा अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच:मीना कम्बोज कुरुक्षेत्र, 26 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद चंडीगढ़ की मानद महासचिव मीना काम्बोज ने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने, उनके सर्वांगीण विकास तथा उन्हें अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से परिषद द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कुरुक्षेत्र के बाल भवन में 25 से 27 नवंबर 2026 तक मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है।
बुधवार को प्रतियोगिताओं का शुभारंभ मुख्य अतिथि मीना कम्बोज ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभाशीष एवं शुभकामनाएं दीं। बच्चों में असीम प्रतिभा होती है और इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने बच्चों को हरियाणा की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया।
जरूरतमंद बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे हैं प्रशिक्षण केंद्र
मानद सचिव मीना काम्बोज ने हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित बाल भवनों की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि परिषद का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए प्रदेश के बाल भवनों में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, ब्यूटी प्रशिक्षण केंद्र, सिलाई-कटाई केंद्र, डे केयर केंद्र और चिल्ड्रन होम्स संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है ताकि वे शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें और देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।
पहले दिन एकल एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं में 400 बच्चों ने लिया भाग
जिला बाल कल्याण अधिकारी नीलम ने स्वागत संबोधन करते हुए बताया कि जिला स्तर पर विजेता रही टीमें मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के पहले दिन एकल नृत्य एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें मंडल के लगभग 400 प्रतिभागी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व नप अध्यक्षा उमा सुधा, जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर तथा जिला कार्यकारिणी भाजपा कुरुक्षेत्र की उपाध्यक्ष परमजीत कौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में जिला बाल कल्याण अधिकारी विश्वास मलिक तथा जिला बाल कल्याण अधिकारी सुखमिन्द्र सिंह का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समूह एवं एकल नृत्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को मिला सम्मान
मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आयोजित समूह नृत्य एवं एकल नृत्य प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। समूह नृत्य प्रतियोगिता के प्रथम समूह में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल अम्बाला की टीम ने प्रथम तथा ग्रीनफील्ड पर्ल इंटरनेशनल स्कूल कुरुक्षेत्र की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, द्वितीय समूह में विश्वास पब्लिक स्कूल शाहाबाद मारकंडा की टीम प्रथम तथा पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल अंबाला की टीम द्वितीय स्थान पर रही। तृतीय समूह में पीकेआर जैन वाटिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल अम्बाला की टीम ने प्रथम तथा सरस्वती विद्या मंदिर सी सै स्कूल जगाधरी की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
चतुर्थ समूह में लॉर्ड महावीर जैन स्कूल अम्बाला की टीम प्रथम तथा पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल, अम्बाला की टीम द्वितीय स्थान पर रही। एकल नृत्य प्रतियोगिता के प्रथम समूह में सेठ टेक चंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र की गौरान्वी शर्मा ने प्रथम तथा महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र की काव्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। द्वितीय समूह में सोहन लाल डीएवी सी. सै. स्कूल अम्बाला की गुरसीरत कौर प्रथम तथा डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-3 की दिव्यांशी द्वितीय स्थान पर रही। तृतीय समूह में आर्मी पब्लिक स्कूल अम्बाला कैंट की भूमिका उप्रति ने प्रथम तथा महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र की राशि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चतुर्थ समूह में सरस्वती सी. सै. स्कूल, शुगर मिल जगाधरी यमुनानगर की मुन्नी ने प्रथम तथा पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 अम्बाला की आश्विका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मंच का संचालन बाल कुंज छछरौली के पीओ दीपक कुमार ने किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्य एवं बाल भवन के समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।