चंडीगढ़, 14 जनवरी 2026: चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर घने कोहरे के चलते उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मुंबई से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को करीब 4 घंटे 48 मिनट तक हवा में चक्कर लगाने के बाद डायवर्ट कर वापस मुंबई में लैंड कराना पड़ा। इस घटना के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E6715 रोजाना रात 8:20 बजे मुंबई से रवाना होती है। सोमवार को यह फ्लाइट देरी से रात 9:39 बजे मुंबई से उड़ी और रात 10:25 बजे चंडीगढ़ में लैंड करने वाली थी। हालांकि, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने पर घने कोहरे के कारण विज़िबिलिटी बेहद कम थी, जिस वजह से विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी।
स्थिति को देखते हुए फ्लाइट को वापस मुंबई डायवर्ट कर दिया गया, जहां विमान ने दोपहर 2:19 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। इस दौरान यात्रियों को लगभग 4 घंटे 48 मिनट तक हवा में ही रहना पड़ा।
बाद में यात्रियों को अलग-अलग एयरलाइनों के जरिए दिल्ली भेजा गया, जहां से वे किराये पर चंडीगढ़ पहुंचे। घने कोहरे का असर सिर्फ इसी उड़ान तक सीमित नहीं रहा। बीते दिन कुल 7 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई उड़ानें देरी से संचालित हुईं।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, सुबह के समय चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर विज़िबिलिटी करीब 600 मीटर दर्ज की गई थी, जिसके चलते उड़ानों के संचालन पर रोक लगानी पड़ी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी जरूर लें।






