टोहाना,29 मार्च, 2026 : बिजली निगम ने लंबे समय से बिलों का भुगतान न करने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने ऐसे 675 उपभोक्ताओं की संपत्तियों को कुर्क (Seize) करने की तैयारी पूरी कर ली है, जिन पर कुल 15.75 करोड़ रुपये का बकाया है। इन सभी उपभोक्ताओं को निगम की ओर से पहले ही तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन भुगतान न होने की स्थिति में अब कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, यदि ये उपभोक्ता जल्द अपने बिलों का निपटान नहीं करते हैं, तो राजस्व विभाग के माध्यम से उनकी अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया जाएगा। योजना के पहले चरण में, अगले सप्ताह तक 7 सबसे बड़े डिफॉल्टरों की सूची कार्यकारी अभियंता (Xen) के माध्यम से राजस्व विभाग को भेज दी जाएगी।
इन प्रमुख डिफॉल्टरों पर गिरी गाज
निगम द्वारा जारी सूची में निम्नलिखित प्रमुख नाम शामिल हैं:
सीमा रानी (न्यू मेडिकल एन्क्लेव): 12,22,176 रुपये
रितु रानी (कमालवाला रोड): 1,59,233 रुपये
पार्वती देवी (इंदिरा कॉलोनी): 1,60,416 रुपये
रामप्रताप (दमकौरा रोड): 80,757 रुपये
मिक्छू राम (काली माता मंदिर रोड): 59,253 रुपये
जोगिंदर सिंह (भूना रोड): 1,38,037 रुपये
प्रेमचंद (रतिया रोड): 1,81,143 रुपये
इसके अलावा, लैंडमार्क गार्डन सिटी (उदय डेवलपर्स) को भी 2 लाख रुपये की वसूली के लिए नोटिस जारी किया गया है।
“हमने डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजस्व विभाग को इस संबंध में औपचारिक पत्र भेजा जा रहा है ताकि बकाया राशि की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जा सके।”
संजय सिंगला (एस.डी.ओ.) और देवीलाल (सी.ए.), बिजली निगम बिजली निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बड़े डिफॉल्टरों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि बकाया राशि वसूलने के लिए अब किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।