विदेशों में भी “आप” की “शिक्षा क्रांति” की धूम : कैबिनेट मंत्री गोयल
लहरागागा, 23 मई, 2026 : अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए क्रांतिकारी बदलावों ने प्रदेश की दिशा और दशा बदल दी है। शिक्षा क्रांति के तहत जहां स्कूलों की तस्वीर बदली जा रही है,वहीं विद्यार्थी बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों में दाखिला ले रहे हैं,क्योंकि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल हो रहा है और वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।इन विचारों का प्रकटावा बरिंदर गोयल ने नगर कौंसिल प्रधान एवं महिला अग्रवाल सभा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती कांता गोयल के साथ +2 (सीनियर सेकेंडरी) के घोषित परिणामों में मेरिट हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए किया।
उन्होंने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल डूडियां के छात्र सुरिंदर सिंह पुत्र अमरदास सिंह, जिसने राज्य स्तरीय मेरिट में 9वां स्थान हासिल किया, तथा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल शादीहरी/रायधड़ाना की छात्रा गगनदीप कौर, जिसने 500 में से 485 अंक प्राप्त कर राज्य स्तरीय मेरिट में 16वां स्थान प्राप्त किया, को विशेष रूप से सम्मानित किया।
बरिंदर गोयल ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उनके हलके के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की शिक्षा क्रांति की चर्चा अब केवल देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हो रही है। देश के विभिन्न राज्य जहां पंजाब के शिक्षा मॉडल को अपना रहे हैं, वहीं विदेशों में भी पंजाब के शिक्षा मॉडल को लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडलों को विदेशों में शिक्षा सुधार संबंधी प्रशिक्षण के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दिन से पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सत्ता संभाली है, विपक्षी दल अपनी राजनीतिक पहचान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं, क्योंकि पंजाब की जनता अब सांप्रदायिक पार्टियों को स्वीकार नहीं कर रही।
मंत्री गोयल ने कहा कि पंजाब के सभी सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, पूरा स्टाफ और खेल मैदान उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए विशेष सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं तथा अध्यापक-अभिभावक बैठकों के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई संबंधी जानकारी साझा की जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि वह दिन दूर नहीं जब भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब हर क्षेत्र में देश का नंबर एक राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि लोगों से किए गए सभी वादे पूरे किए जा चुके हैं और 2027 के विधानसभा चुनावों में एक बार फिर आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल कर सत्ता में आएगी और पंजाब को रंगला पंजाब बनाएगी।
इस अवसर पर नरेंद्र गोयल, ओएसडी राकेश कुमार गुप्ता विक्की, हरपाल सिंह कोऑर्डिनेटर हलका लहरा, नैब सिंह रायधड़ाना, सुखदर्शन शर्मा ब्लॉक समिति सदस्य, अजब सिंह रायधड़ाना, स्कूल स्टाफ तथा अन्य आप नेता और वॉलंटियर भी उपस्थित रहे।
कैप्शन: बरिंदर गोयल और श्रीमती कांता गोयल +2 (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा में पंजाब स्तर पर मेरिट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए।