मोगा, 11 जून 2026: पंजाब के मोगा नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। आम आदमी पार्टी की पार्षद विनयपाल कौर को मोगा का नया मेयर चुना गया है। पंजाब सरकार द्वारा इस बार मेयर का पद पिछड़ा वर्ग (बीसी) श्रेणी के लिए आरक्षित रखा गया था।
मेयर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद विशेष रूप से मोगा पहुंचे। यह चुनाव मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी ने मोगा के 50 वार्डों में से 30 वार्डों में जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। पहली बार राजनीति में कदम रखने वाली विनयपाल कौर ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर वार्ड नंबर 8 से चुनाव लड़ा था। मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्षद चुना और अब वह शहर की मेयर बन गई हैं।
44 वर्षीय विनयपाल कौर ने मेडिकल साइंस में बी.एससी. की शिक्षा प्राप्त की है तथा शिमला विश्वविद्यालय से पी.जी.डी.सी.ए. की डिग्री हासिल की है। वह विवाहित हैं और दो बच्चों की मां हैं। उनके परिवार का पहले राजनीति से कोई संबंध नहीं रहा है।
नगर निगम चुनाव में विनयपाल कौर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 228 मतों के अंतर से पराजित किया था। उनके मेयर चुने जाने के बाद आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में मोगा शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।