सरकारी संपत्तियों पर अवैध विज्ञापन लगाने वाले नगर निगम के रडार पर
डिफेसमेंट एक्ट के तहत नगर निगम की सख्त कार्रवाई शुरू, नियमों का उल्लंघन करने वालों को जल्द जारी होंगे नोटिस
पटियाला, 1 जुलाई, 2026: शहर को स्वच्छ, सुंदर और अवैध पोस्टरबाजी से मुक्त बनाने के उद्देश्य से पटियाला नगर निगम ने कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल के नेतृत्व में डिफेसमेंट एक्ट के तहत विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत सरकारी इमारतों, दीवारों, बिजली के खंभों, पुलों तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और विज्ञापनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने बताया कि नगर निगम की टीमों द्वारा आज शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सरकारी संपत्तियों पर लगे अवैध पोस्टरों और विज्ञापनों की पहचान कर उन्हें हटाया गया। साथ ही ऐसे व्यक्तियों, संस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सूची भी तैयार की जा रही है, जिन्होंने बिना अनुमति सरकारी संपत्तियों का उपयोग प्रचार-प्रसार के लिए किया है।
उन्होंने कहा कि डिफेसमेंट एक्ट का उल्लंघन करने वालों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि नोटिस जारी होने के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के विरुद्ध अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने कहा कि डिफेसमेंट के कारण न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि इससे पटियाला की स्वच्छता, विरासत और पहचान पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। सरकारी संपत्तियों पर अवैध पोस्टर और विज्ञापन लगाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्य के भी विपरीत है।
उन्होंने पटियाला के सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों से अपील की कि वे शहर की सुंदरता बनाए रखने में अपना योगदान दें और किसी भी सरकारी संपत्ति पर बिना अनुमति पोस्टर, बैनर अथवा अन्य प्रचार सामग्री न लगाएं। यदि किसी को प्रचार-प्रसार करना हो तो वह केवल निर्धारित एवं अधिकृत स्थानों का ही उपयोग करे।
कमिश्नर ने बताया कि आज के अभियान के दौरान फव्वारा चौक, छोटी बारादरी, टी.वी. अस्पताल, लाहौरी गेट, पुराना बस स्टैंड, गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब, 21 नंबर फाटक तथा लीला भवन के आसपास सरकारी संपत्तियों पर लगे अवैध पोस्टरों और होर्डिंगों को हटाया गया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जाएगा तथा शहर के सभी क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए डिफेसमेंट एक्ट का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल नियमों का पालन करवाना ही नहीं, बल्कि जनसहयोग से पटियाला को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना भी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत जनता का सहयोग है।
फोटो कैप्शन: जानकारी देते हुए नगर निगम कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल तथा शहर के विभिन्न स्थानों पर अवैध पोस्टर एवं होर्डिंग हटाते हुए नगर निगम के अधिकारी।






