Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaमुआवजे की मांग को लेकर बिजली टावर पर चढ़े 9 किसान, प्रशासन...

मुआवजे की मांग को लेकर बिजली टावर पर चढ़े 9 किसान, प्रशासन में हड़कंप

सिरसा में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) का प्रदर्शन, जिला अध्यक्ष समेत एक दिव्यांग किसान भी शामिल; गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने किया समर्थन

सिरसा, 8 जुलाई, 2026 : हरियाणा के सिरसा में बुधवार सुबह मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिला अध्यक्ष सहित नौ किसान नेता बिजली के एक हाई-टेंशन टावर पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों में एक दिव्यांग युवक भी शामिल है। किसान अपने साथ चारपाइयां और खाने-पीने का सामान भी लेकर गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी बढ़े हुए मुआवजे की मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे टावर से नीचे नहीं उतरेंगे।

किसानों के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बिजली निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टावर के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया, जबकि प्रशासन और बिजली निगम के अधिकारी किसानों को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे।

किसानों का कहना है कि उन्हें अन्य जिलों, विशेषकर सोनीपत की तर्ज पर उचित और बढ़ा हुआ मुआवजा दिया जाए। उनका आरोप है कि सिरसा में कई किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, जबकि कुछ किसानों को बहुत कम राशि दी गई है। इसी के विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया है।

इस बीच भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने भी आंदोलनरत किसानों का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर किसानों से टावर से छलांग न लगाने की अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं मौके पर पहुंच रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को किसान संगठनों और प्रशासन के बीच इस मुद्दे को लेकर बैठक हुई थी, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही। किसान नेताओं का कहना है कि खेतों में लगाए गए बिजली के बड़े टावरों के बदले सरकार द्वारा घोषित पूर्ण मुआवजा अभी तक सभी प्रभावित किसानों को नहीं मिला है। किसानों ने मुख्यमंत्री से वादा पूरा करते हुए सभी प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग दोहराई है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments