Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabकैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने गांव बहादरपुर सहित विभिन्न गांवों में 'लोक...

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने गांव बहादरपुर सहित विभिन्न गांवों में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुनीं

आम आदमी पार्टी की सरकार जनता के द्वार, क्षेत्र के विकास और लोगों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध : अमन अरोड़ा
संगरूर/सुनाम, 12 जुलाई, 2026 : पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव किला भरियां और बहादरपुर का दौरा कर ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के तहत क्षेत्रवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने कैबिनेट मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पूरे पंजाब में मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत वे विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों की मांगों और समस्याओं को नजदीक से जान रहे हैं।
मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान आम आदमी पार्टी सरकार ने जो ऐतिहासिक और अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं, उनसे प्रदेश की जनता भली-भांति परिचित है। उन्होंने कहा, “हमें अपनी उपलब्धियां लोगों को बताने की आवश्यकता नहीं पड़ती, बल्कि लोग स्वयं आगे आकर सरकार के कार्यों की सराहना कर रहे हैं और यह खुशी व्यक्त कर रहे हैं कि जिन कार्यों की पहले कभी कल्पना भी नहीं की गई थी, उन्हें वर्तमान सरकार ने पूरा करके दिखाया है।”
उन्होंने मौके पर खेल क्लबों और युवाओं की ओर से जिम की स्थापना सहित विभिन्न मांगों के ज्ञापन भी प्राप्त किए और उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस आंतरिक कलह और गुटबाजी के कारण पूरी तरह बिखर चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई भी नेता पंजाब, पंजाबी हितों या राज्य के विकास की बात नहीं कर रहा, बल्कि सभी नेता एक-दूसरे को कमजोर करने और अपनी-अपनी राजनीतिक स्थिति बचाने में लगे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन इतना कमजोर रहेगा कि वह दोहरे अंक (डबल डिजिट) तक भी नहीं पहुंच पाएगी।
पंजाब के अशांत दौर और हाल ही में चर्चा में रही फिल्मों, जिनमें जसवंत सिंह खालड़ा पर आधारित फिल्म भी शामिल है, के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब ने एक लंबा और बेहद दर्दनाक दौर देखा है, जिसमें पंजाब के ही अनेक लोगों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि चाहे मामला मानवाधिकारों की रक्षा का हो या सच्चाई को सामने लाने का, हमें हमेशा यह याद रखना चाहिए कि पंजाब गुरुओं की पवित्र धरती है, जहां मानवता और धर्मनिरपेक्षता सर्वोपरि है। उन्होंने सभी से राज्य में भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
आगामी चुनावों के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव कब कराए जाएंगे, इसका निर्णय चुनाव आयोग करता है। हालांकि आम आदमी पार्टी, उसके कार्यकर्ता और पंजाब की जनता हर समय चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं, क्योंकि पार्टी हमेशा अपने विकास कार्यों और जनहित के कार्यों के आधार पर जनता से समर्थन मांगती है।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई प्रमुख नेता, पंच-सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments