1,786 मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने गणना प्रपत्र भरकर जमा किए
सभी निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों ने विभिन्न शिविरों का दौरा कर मतदाताओं एवं बीएलओ से संवाद किया
पटियाला, 12 जुलाई, 2026 : जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले के 1,786 मतदान केंद्रों पर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्र भरने एवं जमा करवाने के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविरों को जिले के मतदाताओं का भरपूर समर्थन मिला। इन शिविरों के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाए।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने गणना प्रपत्र भरने एवं जमा करवाने की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी लगन एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य 24 जुलाई तक जारी रहेगा। उन्होंने उन नागरिकों से अपील की, जिन्होंने किसी कारणवश अभी तक अपने गणना प्रपत्र नहीं भरे हैं, कि वे बिना किसी देरी के अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें अथवा अपने निकटतम मतदान केंद्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी करें।
इस दौरान एडिशनल डिप्टी कमिश्नर अनुप्रिता जोहल के साथ- साथ जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ईआरओ) ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं एवं बीएलओ से बातचीत कर गणना प्रपत्र भरने की प्रगति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर पंजाब के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुरिंदर सिंह सोढ़ी ने भी जिले के कई विशेष शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ निर्वाचन तहसीलदार विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित थे।
उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का विवरण मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज करना है। उन्होंने जिले के नागरिकों से इस प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग देने तथा अपने गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करवाने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
फोटो कैप्शन: विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष एसआईआर शिविरों का निरीक्षण करते हुए।






