संगरूर, 16 जुलाई, 2026 : पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व तथा सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर के दिशा-निर्देशों के अनुसार अनुसूचित जाति से संबंधित युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PMAJAY) के तहत निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त, संगरूर श्रीमती पूनमदीप कौर, आईएएस ने बताया कि जिला संगरूर के आरएसईटीआई (RSETI) सेंटर, बडरूखां में अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को बुटीक (Boutique) ट्रेड का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 20 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित हों, कम से कम आठवीं कक्षा उत्तीर्ण हों तथा उनकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र एवं बेरोजगार अभ्यर्थी 17 जुलाई 2026 तक जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी, संगरूर (पटियाला गेट, काली माता मंदिर के निकट) स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय की ई-मेल dwosangrur@gmail.com पर आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज, जिनमें अनुसूचित जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र तथा पासपोर्ट आकार का फोटो शामिल हैं, भेज सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को स्किल काउंसिल द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को अपना स्वरोजगार शुरू करने के लिए विभिन्न वित्तीय संस्थानों से ऋण प्राप्त करने संबंधी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त पात्र अभ्यर्थियों को रोजगार दिलाने के लिए प्लेसमेंट सहायता भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आत्मनिर्भर बनने के लिए किसी न किसी कौशल का होना अत्यंत आवश्यक है। पंजाब सरकार इस योजना के तहत 60 प्रशिक्षुओं को कौशलयुक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास कर रही है।
उपायुक्त ने जिले के पात्र एवं इच्छुक अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं से अपील की कि वे इस निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने रोजगार और भविष्य को सशक्त एवं सुरक्षित बनाएं।