Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaस्वच्छता से होगा ऐतिहासिक पल का स्वागत, हाइड्रोजन ट्रेन से विश्व मानचित्र...

स्वच्छता से होगा ऐतिहासिक पल का स्वागत, हाइड्रोजन ट्रेन से विश्व मानचित्र पर उभरेगा गोहाना : डॉ. अरविंद शर्मा

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के स्वागत में गोहाना रेलवे जंक्शन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान
चंडीगढ़, 16 जुलाई, 2026 : हरियाणा के सहकारिता, जेल, चुनाव, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के ऐतिहासिक संचालन से पहले गुरुवार को गोहाना रेलवे जंक्शन पर आयोजित स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. रीता शर्मा तथा कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं झाड़ू लगाकर विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने श्रमदान कर रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अतिथि का स्वागत सर्वोच्च परंपराओं में से एक रहा है। हम प्रतिदिन अपने घर की साफ-सफाई करते हैं, लेकिन जब कोई विशेष अतिथि आने वाला होता है तो पूरे उत्साह और समर्पण के साथ घर को सजाते-संवारते हैं। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को जब देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पहली बार गोहाना रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, तब यह केवल एक ट्रेन का आगमन नहीं होगा, बल्कि आधुनिक भारत के इतिहास का एक स्वर्णिम क्षण होगा। इसी भावना के साथ आज रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इस परियोजना से गोहाना को केवल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी और यह शहर आधुनिक एवं स्वच्छ परिवहन व्यवस्था का प्रतीक बनेगा।
डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली पर्यावरण-अनुकूल (ईको-फ्रेंडली) हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर जींद में विशाल ईको-फ्रेंडली रैली का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक से निर्मित, प्रदूषण-मुक्त और पर्यावरण-अनुकूल इस हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह है और लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं।
सहकारिता मंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को केवल एक सरकारी अभियान न मानें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प ले, तो देश को स्वच्छ और विकसित बनाने का लक्ष्य कहीं अधिक तेजी से प्राप्त किया जा सकता है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments