शहरवासियों को दिया भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश
पटियाला, 16 जुलाई, 2026: पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने आज संजय कॉलोनी के निकट स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई पवित्र जगन्नाथ रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी, धार्मिक नेता तथा शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को एकजुट होकर मानवता की सेवा, शांति और सौहार्द का संदेश देते हैं।
मेयर गोगिया ने सभी श्रद्धालुओं को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पटियाला हमेशा से धार्मिक सद्भाव और सांझी संस्कृति की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को हर संभव सहयोग देता रहेगा, ताकि शहर की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को और अधिक मजबूती मिल सके।
रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए शहर की खुशहाली, अमन-शांति और जनकल्याण की कामना की। यात्रा के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात के उचित प्रबंध भी किए गए थे। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर रथ यात्रा की शोभा बढ़ाई।
फोटो कैप्शन: भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए मेयर कुंदन गोगिया एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति।






