महापुरुषों की जयंती पर संगत के बीच बैठकर सुनते हैं भजन-कीर्तन, समाज को देते हैं एकता का संदेश
चंडीगढ़, 23 जुलाई, 2026 : हरियाणा में सामाजिक समरसता को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान को निरंतर गति दे रहे हैं। वर्ष 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नायब सिंह सैनी ने न केवल हरियाणा, बल्कि राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में भी महापुरुषों की जयंती समारोहों में भाग लेकर सामाजिक एकता का संदेश दिया है। उनकी सादगी, सहजता और मिलनसार व्यक्तित्व ने समाज के सभी वर्गों में विशेष पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री का मानना है कि संत-महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनके विचार संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके जीवनकाल में थीं।
हरियाणा सरकार “हरियाणा एक-हरियाणवी एक” के मूल मंत्र पर चलते हुए संत-महापुरुषों की जयंती और सिख गुरुओं के प्रकाश पर्व सरकारी स्तर पर आयोजित कर सामाजिक सद्भावना को मजबूत कर रही है।
सरकारी स्तर पर मनाई जा रही हैं संत-महापुरुषों की जयंतियां
वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पहली बार सरकारी स्तर पर महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाने की शुरुआत की थी। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब संत शिरोमणि रविदास, संत कबीरदास, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अनेक संत-महापुरुषों की जयंतियां पूरे सम्मान के साथ सरकारी स्तर पर आयोजित की जा रही हैं।
इन आयोजनों के लिए बजट का प्रावधान किया गया है तथा राज्य सरकार के वार्षिक कैलेंडर में इन्हें विशेष दिवस के रूप में शामिल किया गया है।
हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन चुका है, जहां विभिन्न संत-महापुरुषों की जयंतियां नियमित रूप से सरकारी स्तर पर आयोजित की जाती हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिख गुरुओं के प्रकाश पर्वों को भी सरकारी समारोहों का हिस्सा बनाया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत विशेष रेल सेवाएं भी शुरू की गई हैं।
‘संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना‘ से घर-घर पहुंच रहे हैं महापुरुषों के विचार
युवा पीढ़ी को संत-महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और शिक्षाओं से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना‘ शुरू की है। इस योजना के तहत राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग भी इस योजना के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश घर-घर तक पहुंचा रहा है। मुख्यमंत्री के इन प्रयासों को समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों, धर्मगुरुओं और बुद्धिजीवियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इन पहलों ने हरियाणा में सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार किया है।