पटियाला, 24 जुलाई,2026 (दीपक दत्ता): पंजाब सरकार की विरासत सेवा संगठन द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पटियाला शहर से श्रद्धालुओं का एक जत्था धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। पटियाला विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने मॉडल टाउन और ढिल्लों कॉलोनी से यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रियों ने पंजाब सरकार और विधायक कोहली का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के इच्छुक लोगों के लिए लाभदायक साबित हो रही है।
विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने बताया कि यह तीन दिवसीय तीर्थ यात्रा है, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए रहने और भोजन की पूरी व्यवस्था पंजाब सरकार की ओर से की जाती है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को जलियांवाला बाग, रामतीर्थ मंदिर, दुर्गियाना मंदिर और वाघा बॉर्डर सहित प्रमुख स्थानों के दर्शन करवाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है और श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। अब तक बड़ी संख्या में लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं और लगातार लोग यात्रा के लिए संपर्क कर रहे हैं।
विधायक कोहली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने यात्रा पर जा रहे सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की। इस मौके पर हलका कोऑर्डिनेटर हरविंदरपाल सिंह विंटी, ब्लॉक प्रधान राजिंदर मोहन, स्टेट महिला विंग की संयुक्त सचिव मोनिका शर्मा, वार्ड नंबर 58 के एमसी गुरजीत सिंह साहनी और वार्ड नंबर 39 की प्रभारी ज्योति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






