24 जुलाई, 2026 (विशाल गुप्ता): जिले के गांव मोथा वाली स्थित सरकारी स्कूल में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सातवीं और आठवीं कक्षा की कुछ छात्राओं ने स्कूल के हेडमास्टर परमजीत सिंह पर कथित रूप से गलत व्यवहार करने के आरोप लगाए। मामले की जानकारी मिलते ही छात्राओं के अभिभावक स्कूल पहुंचे और उन्होंने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों ने घर जाकर उन्हें बताया कि हेडमास्टर द्वारा उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया है। इसके बाद वे स्कूल पहुंचे और मामले की शिकायत की। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हेडमास्टर परमजीत सिंह को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग की ओर से भी जांच शुरू कर दी गई है। डीईओ मोगा ने अपने विभाग के अधिकारी हेडमास्टर किकर सिंह को जांच के लिए भेजा। जांच अधिकारी ने छात्राओं और उनके अभिभावकों से बातचीत की है। उन्होंने बताया कि बच्चों ने अपने साथ गलत व्यवहार होने की बात कही है और अभिभावकों ने भी बताया कि उन्हें इसकी जानकारी बच्चों ने घर पर दी थी।
वहीं, हेडमास्टर परमजीत सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वह केवल स्कूल की फीस और अन्य जरूरी मामलों को लेकर बच्चों से बात करते थे, लेकिन इस तरह की कोई हरकत नहीं कर सकते।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी।






