कैनेडा: 24 जुलाई, 2026 (जतिन्दर गर्ग): कैनेडा के एडमंटन में पंजाब के लुधियाना जिले की रहने वाली 23 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना को घरेलू संबंधों से जुड़ी हत्या (Intimate Partner Homicide) बताया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर सेकेंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है।
मृतका की पहचान लुधियाना जिले के समराला की रहने वाली दमनप्रीत कौर के रूप में हुई है। एडमंटन पुलिस सर्विस के अनुसार, 9 जुलाई को सिल्वरबेरी न्यूज इलाके में एक महिला के बेहोश अवस्था में मिलने और उसके शरीर पर संदिग्ध चोटों की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में दमनप्रीत को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 12 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
14 जुलाई को हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि दमनप्रीत कौर की मौत गला घोंटने के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला घोषित किया। पुलिस ने बताया कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए शुरुआत में मौत के कारणों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी।
पुलिस ने 22 जुलाई को आरोपी रितीश कुमार (22), जो मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला बताया जा रहा है, को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ सेकेंड-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला घरेलू रिश्ते से जुड़ी हत्या के रूप में जांचा जा रहा है और फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है। हालांकि, अदालत में आरोपों की आगे समीक्षा होनी बाकी है।






