Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabसंगरूर के किसानों को बड़ी सौगात: ₹1.20 करोड़ की लागत से नवीनीकृत...

संगरूर के किसानों को बड़ी सौगात: ₹1.20 करोड़ की लागत से नवीनीकृत ‘नया चंगाल माइनर’ जनता को समर्पित

संगरूर, 25 जुलाई 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने और भूजल संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में जल संसाधन विभाग, पंजाब ने ₹1.20 करोड़ की लागत से शेरों रजवाहा (बुर्जी 0 से 11680) के ‘नया चंगाल माइनर’ के पुनर्वास परियोजना को पूरा कर संगरूर विधानसभा क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी कर दी है। नवीनीकृत माइनर को शुक्रवार को जनता को समर्पित किया गया

परियोजना का उद्घाटन पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और संगरूर की विधायक नरिंदर कौर भराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के नहरी सिंचाई नेटवर्क को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए बड़े स्तर पर कार्य कर रही है, ताकि हर खेत तक समय पर नहरी पानी पहुंच सके और किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो।

उन्होंने बताया कि 3.46 किलोमीटर लंबे इस माइनर के नवीनीकरण से चंगाल, खिल्लरियां, लिद्दड़ां और बडरूखां गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस परियोजना से नहरी सिंचाई के दायरे में बड़ा विस्तार हुआ है। पहले जहां केवल 587 एकड़ भूमि को नहरी पानी मिलता था, वहीं अब यह क्षेत्र बढ़कर 1,920 एकड़ हो गया है। यानी 1,333 एकड़ अतिरिक्त भूमि को नहरी सिंचाई का लाभ मिलेगा।

मंत्रियों ने कहा कि इस परियोजना से माइनर के अंतिम छोर तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे किसानों की सिंचाई लागत कम होगी, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और उन्हें आर्थिक लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नहरी पानी के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देने और राज्य में लगातार गिर रहे भूजल स्तर की समस्या से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है। माइनर के नवीनीकरण से पानी की बर्बादी कम होगी, किसानों की ट्यूबवेलों पर निर्भरता घटेगी, बिजली की बचत होगी और सिंचाई खर्च में कमी आएगी। इससे टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments