मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा के आईजीएन कॉलेज में 26 जुलाई आयोजित मन की बात और अंत्योदय मेले में करेंगे शिरकत, कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी
कुरुक्षेत्र, 25 जुलाई 2026: उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि लाडवा के आईजीएन कॉलेज में 26 जुलाई को अंत्योदय मेले और प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सभी विभागाध्यक्ष मौके पर मौजूद रहेंगे और पात्रों को लाभ पहुंचाने के अलावा सरकार की योजनाओं से नागरिकों को अवगत करवाएंगे। अहम पहलू यह है कि इस अंत्योदय मेले का लाडवा एसडीएम अनुभव मेहता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस मेले में नागरिकों को 19 विभागों की लगभग 50 योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इन मेलों के लिए योजना का चयन किया गया है। इन स्कीमों को एक प्लेटफार्म पर तैयार किया है। इसकी लिए विभागीय ऐप तैयार की गई और ऐप में सभी योजनाओं की मैपिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय मेले में नागरिकों को लाभ देने के लिए स्पेशल टीमों को तैयार किया गया है। उन टीमों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। ये टीमें नागरिकों को विभागों की स्कीमों के बारे में जागरूक करेगी। नागरिक अपने इच्छा से योजना का लाभ प्राप्त कर सकता है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अंत्योदय मेले में परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं का निपटान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना में आवेदन करवाकर सोलर सिस्टम उपलब्ध करवाया जाएगा। इतना ही नहीं विशेष स्टॉल के माध्यम से दीन दयान लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र महिलाओं के आवेदन भी मौके पर करवाए जाएंगे। उन्होंने रोडवेज विभाग के जीएम को निर्देश दिए कि आईजीएन कॉलेज कार्यक्रम स्थल तक बाबैन, लाडवा और कुरुक्षेत्र से स्पेशल बसें चलाई जाए, ताकि नागरिकों को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने में आसानी हो।






