धूरी, 27 जुलाई,2026 (जगदेव रंचना): पंजाब सरकार की ओर से लोगों को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से धूरी क्षेत्र के गांव बमाल और दुगनी में नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए। इन क्लीनिकों का उद्घाटन चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने किया। इस मौके पर दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 100 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू होने के बाद अब प्रदेश में इनकी कुल संख्या 1,090 हो गई है।

चेयरमैन ने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को उनके घरों के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां मरीजों को डॉक्टरों की मुफ्त सलाह, जरूरी दवाइयां और विभिन्न प्रकार की लैब जांच की सुविधा मिल रही है। चेयरमैन ने बताया कि अब तक प्रदेश के आम आदमी क्लीनिकों में करोड़ों लोग ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं और बड़ी संख्या में मुफ्त जांच भी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य केंद्रों से लोगों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हुआ है और उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आम आदमी क्लीनिकों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाते रहें। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हरजिंदर सिंह कांझला, ट्रेड विंग हलका धूरी चेयरमैन पुष्पिंदर शर्मा, ब्लॉक प्रधान सुरजीत सिंह, सुखदेव सिंह बमाल, सरपंच असगर खान, खालिद खान, अमृतपाल सिंह घनौरी कलां, जगतार सिंह बमाल, जसविंदर सिंह बमाल सहित कई पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे






