28 जुलाई, 2026 (बलजीत सरना): राजपुरा से एक बेहद चिंताजनक और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां बिना नंबर और कथित तौर पर नियमों की अनदेखी कर चल रही एक रेहड़ी की वजह से एक व्यक्ति की जान खतरे में पड़ गई। सामने आए वायरल वीडियो में हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित रेहड़ी पर रखा लोहे का भारी एंगल अचानक निकलकर एक व्यक्ति के शरीर में जा घुसा और आर-पार हो गया। हादसे के बाद घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके शरीर से लोहे का एंगल निकला हुआ दिखाई दे रहा था।
घायल की हालत को देखते हुए उसे पहले राजपुरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे तुरंत पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अगर लोहे का एंगल थोड़ा भी दूसरी दिशा में लगता तो उसके महत्वपूर्ण अंगों, जैसे किडनी या लिवर, को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था और उसकी जान भी जा सकती थी। इस घटना ने सड़क सुरक्षा और बिना सुरक्षा मानकों के चल रहे वाहनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।






