31 जुलाई,2026 (अमनदीप सभरवाल) : पंजाब स्टेट मिड-डे मील सोसाइटी ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत सरकारी स्कूलों में छात्रों को दिए जाने वाले दोपहर के भोजन का नया साप्ताहिक मेन्यू जारी कर दिया है। यह नया मेन्यू 1 जुलाई 2026 से पूरे राज्य के सरकारी स्कूलों में लागू कर दिया गया है। विभाग की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि स्कूलों में विद्यार्थियों को तय मेन्यू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध करवाया जाए। छात्रों को व्यवस्थित तरीके से कतार में बैठाकर मिड-डे मील प्रभारी की निगरानी में खाना खिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने साफ किया है कि यदि किसी स्कूल में निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं किया जाता या भोजन व्यवस्था में लापरवाही सामने आती है तो इसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रमुख की होगी। इसके साथ ही ‘अतिथि भोजन’ योजना को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत गांव के सरपंच, दानदाताओं और अन्य गणमान्य लोगों के सहयोग से विशेष अवसरों पर बच्चों को अतिरिक्त पौष्टिक भोजन, फल या मिठाई उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
नया साप्ताहिक मिड-डे मील मेन्यू इस प्रकार है:
- सोमवार: दाल और रोटी
- मंगलवार: राजमा-चावल और खीर
- बुधवार: काले चने/सफेद चने (आलू के साथ) और पूरी या रोटी
- गुरुवार: कढ़ी (आलू और प्याज के पकौड़ों के साथ) और चावल
- शुक्रवार: मौसमी सब्जी और रोटी
- शनिवार: साबुत माह की दाल, चावल और मौसमी फल
पंजाब सरकार का उद्देश्य पी.एम पोषण योजना के माध्यम से बच्चों को संतुलित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना है।






