1 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): मौसम विभाग के अनुसार अगस्त से अगले पांच दिनों के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस अवधि के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आएगी, जबकि दिन के समय उमस बनी रह सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून ट्रफ दक्षिणी पंजाब की ओर सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।
विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और मोहाली में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगस्त के पहले सप्ताह में मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है, जिससे जुलाई में हुई बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। चंडीगढ़ प्रशासन ने सुखना झील, सुखना कैचमेंट क्षेत्र और घग्गर नदी के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से बारिश के दौरान बिजली के खंभों को गीले हाथों से न छूने और खुले बिजली के तारों से दूर रहने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने भी नागरिकों को मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। उधर, हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर भाखड़ा और पोंग बांध पर भी दिखाई दे रहा है। भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,599.08 फीट दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान 1,680 फीट से लगभग 81 फीट नीचे है। वर्तमान में बांध में 39,785 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 24,495 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।






