Wednesday, August 26, 2026
HomePatialaपंजाब सरकार ने व्यापारिक बाजारों के विकास के लिए मंजूर किया 40...

पंजाब सरकार ने व्यापारिक बाजारों के विकास के लिए मंजूर किया 40 करोड़ रुपये का विशेष फंड

पटियाला, 2 अगस्त,2026 (जगदेव सिंह जग्गी): पंजाब सरकार ने राज्य के व्यापारिक बाजारों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा व्यापारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए पूरे पंजाब हेतु 40 करोड़ रुपये का विशेष फंड मंजूर किया है। इस निर्णय का स्वागत करते हुए पंजाब स्टेट ट्रेडर्स आयोग के उपाध्यक्ष श्री अनिल ठाकुर ने मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान तथा वित्त मंत्री सरदार हरपाल सिंह चीमा का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों एवं दुकानदारों से जुड़े नीतिगत मामलों पर पंजाब स्टेट ट्रेडर्स आयोग द्वारा शीघ्र विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा।

श्री अनिल ठाकुर ने कहा कि इस विशेष फंड से राज्य के व्यापारिक बाजारों में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस फंड के तहत बाजारों में आधुनिक शौचालयों का निर्माण एवं मरम्मत, सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विकास के कार्य करवाए जाएंगे, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पंजाब में पहली बार किसी सरकार द्वारा व्यापारियों एवं दुकानदारों से संबंधित स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए विधानसभा क्षेत्र एवं जिला स्तरीय ट्रेडर्स आयोग स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर वित्त मंत्री की अध्यक्षता में पंजाब स्टेट ट्रेडर्स आयोग का गठन किया गया है, जो व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहा है।

श्री अनिल ठाकुर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र एवं जिला स्तरीय ट्रेडर्स आयोगों द्वारा पंजाब स्टेट ट्रेडर्स आयोग के नेतृत्व में अब तक पूरे राज्य में व्यापारियों के साथ 800 से अधिक बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों के दौरान व्यापारियों एवं दुकानदारों की स्थानीय स्तर की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ राज्य स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन बैठकों के दौरान व्यापारियों द्वारा बाजारों के बुनियादी ढांचे में सुधार संबंधी उठाई गई मांगों को ध्यान में रखते हुए ही 40 करोड़ रुपये का यह विशेष फंड मंजूर कराया गया है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों के कल्याण, व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन देने तथा बाजारों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह विशेष फंड उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी कदम साबित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments