लुधियाना, 3 अगस्त,2026 (जगमेल सिंह ढिल्लो) : हैबोवाल इलाके से 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब लड़की का कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस को दी शिकायत में हैबोवाल कलां निवासी अरविंद ने बताया कि 1 अगस्त 2026 को उनकी 15 वर्षीय बेटी अपनी छोटी बहन के साथ आईपीएस स्कूल के पास फोटोस्टेट करवाने गई थी। उन्होंने बताया कि लड़की ने अपनी छोटी बहन को दुकान के बाहर खड़े रहने के लिए कहा और दस्तावेजों की फोटो कॉपी करवाकर जल्द लौटने की बात कही, लेकिन वह वापस नहीं आई।
परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
हैबोवाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लड़की की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।






