3 अगस्त,2026 (अमनदीप सरां): सूडान के पश्चिमी दारफुर क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हमला उत्तरी दारफुर के गारा अल-ज़ाविया गांव में उस समय हुआ, जब स्थानीय लोग एक पारंपरिक अदालत में विवादों के निपटारे के लिए एकत्र हुए थे। मानवाधिकार संगठन इमरजेंसी लॉयर्स ने आरोप लगाया कि यह ड्रोन हमला सूडानी सेना द्वारा किया गया। संगठन के अनुसार, हमले में अदालत की इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई, जो स्थानीय और कबायली विवादों के समाधान का प्रमुख केंद्र थी।
बताया गया है कि घटना के समय बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद थे। मृतकों में चार कबायली नेता और रैपिड सपोर्ट फोर्सेज़ के दो कमांडर भी शामिल हैं। हालांकि, इस मामले पर सूडानी सेना की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। गौरतलब है कि सूडानी सेना और अर्धसैनिक बल के बीच जारी संघर्ष अब तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुका है, जिससे देश में मानवीय संकट लगातार गहराता जा रहा है।






