नई दिल्ली, 3 अगस्त,2026 (जगदेव सिंह जग्गी): ग्लासगो स्थित एक भारतीय रेस्टोरेंट में लगाए गए भारत के नक्शे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामला तब सामने आया जब भारतीय मुक्केबाज और ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने नक्शे में उत्तर-पूर्वी राज्यों को नहीं दिखाए जाने पर आपत्ति जताई। जानकारी के अनुसार, भारतीय बॉक्सिंग टीम अपनी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए रेस्टोरेंट पहुंची थी। इसी दौरान लवलीना की नजर वहां लगे नक्शे पर पड़ी, जिसमें उत्तर-पूर्व भारत का हिस्सा शामिल नहीं था। उन्होंने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि देश का कोई भी हिस्सा नक्शे से गायब नहीं होना चाहिए।
लवलीना ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस मामले को उठाया और नक्शे में सुधार की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की आलोचना करना नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण गलती की ओर ध्यान आकर्षित करना था। विवाद सामने आने के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने इसे अनजाने में हुई गलती बताया और जल्द नक्शे को सुधारने का आश्वासन दिया। प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी कहा कि इस मामले में कोई विवाद या टकराव नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट प्रबंधन ने गलती स्वीकार कर उसे सुधारने की बात कही है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भारत के नक्शे को सही तरीके से प्रदर्शित करने की जरूरत पर जोर दिया।






