Wednesday, August 26, 2026
HomeSportsउमर अब्दुल्ला ने किया गोल्फ चैंपियनशिप का उद्घाटन

उमर अब्दुल्ला ने किया गोल्फ चैंपियनशिप का उद्घाटन

5 अगस्त,2026 (अमनदीप सभरवाल): जम्मू-कश्मीर में खेल और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार ने गोल्फ टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। श्रीनगर के रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में आयोजित जम्मू-कश्मीर ओपन 2026 डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के पांचवें संस्करण का शुभारंभ मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण करते हुए इसे प्रदेश में पेशेवर गोल्फ के नए दौर की शुरुआत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विश्वस्तरीय गोल्फ सुविधाएं मौजूद हैं और सरकार इन्हें पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित करना चाहती है। श्रीनगर, पहलगाम और गुलमर्ग के गोल्फ कोर्स पहले से ही खिलाड़ियों और पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं, जबकि जम्मू के सिदरा स्थित गोल्फ कोर्स के साथ-साथ एक अन्य कोर्स के उन्नयन की योजना पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में बड़ी संख्या में पर्यटक केवल सप्ताहांत में गोल्फ खेलने के लिए श्रीनगर पहुंच रहे हैं। यह रुझान दर्शाता है कि गोल्फ आधारित पर्यटन की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और सरकार इसे संगठित रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उमर अब्दुल्ला के अनुसार, इस बार आयोजित चैंपियनशिप में 100 से अधिक पेशेवर गोल्फरों ने हिस्सा लिया है, जिनमें कई विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। इससे जम्मू-कश्मीर की पहचान एक उभरते हुए अंतरराष्ट्रीय खेल गंतव्य के रूप में मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर ओपन को आगामी वर्षों तक नियमित वार्षिक प्रतियोगिता के रूप में आयोजित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी दोनों को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा, ताकि यह टूर्नामेंट पेशेवर गोल्फ कैलेंडर में और अधिक प्रतिष्ठित बन सके।

स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार प्रदेश में गोल्फ अकादमी स्थापित करने की भी तैयारी कर रही है। इसके माध्यम से कम उम्र से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों की हालिया उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं में विभिन्न खेलों में अपार क्षमता है। उन्होंने भारतीय टेस्ट टीम में चयनित क्रिकेटर आकिब नबी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी ओवैस याकूब का उदाहरण देते हुए कहा कि उचित अवसर और प्रशिक्षण मिलने पर प्रदेश के खिलाड़ी विश्व मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments