समाना, 8 अगस्त026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष डॉक्यूमेंट्री अभियान के तहत पटियाला जिले के विभिन्न गांवों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। समाना ब्लॉक के गांव हरियाऊ कलां, हरियाऊ खुर्द और चुनागरा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस डॉक्यूमेंट्री का लाभ उठाया।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में तैयार की गई इस डॉक्यूमेंट्री में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन तथा समानता, सामाजिक न्याय, प्रभु भक्ति और सर्व-साझेदारी के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक गांव में यह डॉक्यूमेंट्री दिखाई जा रही है, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी गुरु साहिब की शिक्षाओं और विचारों से परिचित हो सके।
डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद गांववासियों ने पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह श्री गुरु रविदास जी महाराज को सच्ची श्रद्धांजलि है। ग्रामीणों ने कहा कि गुरु साहिब का समानता, भाईचारे और भेदभाव रहित समाज का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। ऐसी पहलें नई पीढ़ी को उनके आदर्शों और शिक्षाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इस अवसर पर गांवों के पंचायती प्रतिनिधि, समाजसेवी, धार्मिक हस्तियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






