9 अगस्त 2026 (जगदेव रंचना): धान की आगामी खरीद से पहले पंजाब की मंडियों में भंडारण के लिए पर्याप्त जगह बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने 18 लाख मीट्रिक टन पुराने अनाज को 20 सितंबर तक उठाने पर सहमति जताई है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों प्रहलाद जोशी और मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस वर्ष करीब 180 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद होने की उम्मीद है। ऐसे में मंडियों में पहले से ही पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मान ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल बेचने में किसी भी तरह की परेशानी न होने देना और उन्हें समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है। उन्होंने केंद्र सरकार से पंजाब में भंडारित करीब 27 लाख टन गेहूं को भी अन्य राज्यों में भेजने की मांग की है, ताकि आगामी धान खरीद के दौरान मंडियों में भंडारण की पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।






