Wednesday, August 26, 2026
HomePunjab16 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप;...

16 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप; पात्र मतदाता समय पर दर्ज करवाएं दावे और आपत्तियां : सोना थिंद

फतेहगढ़ साहिब, 9 अगस्त: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के अगले चरण की तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की समीक्षा के लिए उपायुक्त-कम-जिला चुनाव अधिकारी डॉ. सोना थिंद की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों की शुद्धता और पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए सभी पक्षों की भागीदारी सुनिश्चित करना था।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) और राजनीतिक दलों के सहयोग से जिले में घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों के तहत दर्ज 4,54,908 मतदाताओं में से 4,21,639 मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो कुल 92.69 प्रतिशत है।

उपायुक्त ने बताया कि सत्यापन के दौरान 33,269 ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें मृतक, स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके, अनुपस्थित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों वाले मतदाता शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी मामलों का निपटारा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही किया जाएगा।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर-2026 की आगामी प्रक्रिया, ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन, दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा निर्धारित समय-सारणी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि 13 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। दावे एवं आपत्तियों के निपटारे से संबंधित नोटिस 13 अगस्त से 8 अक्टूबर 2026 तक जारी किए जाएंगे, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 12 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके अलावा 16 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध, विश्वसनीय और पारदर्शी मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से ड्राफ्ट मतदाता सूची की ध्यानपूर्वक जांच करवाएं। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज होने से रह गया है या किसी तरह के संशोधन की आवश्यकता है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर दावे और आपत्तियां जरूर दर्ज करवाएं।

बैठक में तहसीलदार चुनाव निर्मला रानी, इंडियन नेशनल कांग्रेस से अशोक गौतम, भारतीय जनता पार्टी से हरीश अग्रवाल, शिरोमणि अकाली दल से मनजीत सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments