कुरुक्षेत्र, 9 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): राष्ट्र व्यापी हर घर तिरंगा अभियान के साथ सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी संस्थाएं भी जुडऩे लगी हैं, इस अभियान के साथ जुडक़र निजी होटल व संस्थानों ने देश की आन बान शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ सजाना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर कई निजी होटल व संस्थानों ने भारतीय नक्शे को तिरंगे के साथ डिजाइन करके सेल्फी प्वाइंट भी बनाकर आम नागरिक को अपनी तरफ आकर्षित करने का काम किया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अपील पर कुरुक्षेत्र ही नहीं पूरे हरियाणा प्रदेश में सभी निजी और सरकारी संस्थाओं को 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान के साथ जुड़ने का आह्वान किया जा रहा है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की सभी निजी और सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से बार-बार अपील की जा रही है कि सभी अपने -अपने भवनों को तिरंगा लाइटों और तिरंगा चुनियों के साथ सजाने का प्रयास करें, ताकि कुरुक्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस को लेकर एक देशभक्ति का माहौल तैयार हो सके। इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलेगी।
सरकार और प्रशासन की अपील के बाद एनएच 44 पर निजी होटलों और संस्थाओं ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों को तिरंगा चुनियों के साथ सजाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कई निजी प्रतिष्ठानों के बाहर भारतीय नक्शे को तिरंगे रंगे के साथ सजाकर सेल्फी प्वाइंट बनाकर तैयार किया गया है। यह सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। इन सेल्फी प्वाइंट के साथ हर नागरिक फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आया है।
एस.डी.एम. अमन कुमार ने सभी धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि शहर में संस्थाएं अपने अपने अधीनस्थ चौकों को भी तिरंगा चुनियों और तिरंगा लाइटों के साथ सजाएं, ताकि शहर में हर घर तिरंगा का माहौल तैयार हो सके।






