फाजिल्का 10 अगस्त,2026 (बलजीत सरना): पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग की खिलाड़ी नीलामी में ऑलराउंडर सनीर सिंह सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। फाजिल्का फाल्कन्स ने उन्हें 13.20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। टीम की कप्तानी भारतीय स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल करेंगे।
नीलामी की शुरुआत पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने की। इसके बाद फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों को लेकर जोरदार बोली देखने को मिली। अमृतसर सूरमाज ने नमन धीर को 10.80 लाख रुपये में खरीदा, जबकि मोहाली किंग्स ने अमोलप्रीत सिंह के लिए 8.20 लाख रुपये खर्च किए।
बठिंडा रॉयल्स ने हरनूर सिंह और अश्वनी कुमार को 7-7 लाख रुपये में टीम में शामिल किया। वहीं जालंधर वॉरियर्स ने सुखदीप बाजवा को 6 लाख रुपये में खरीदा। मोहाली किंग्स ने हरप्रीत बराड़ पर 4 लाख रुपये की बोली लगाई, जबकि अमृतसर सूरमाज ने मयंक मार्कंडे को 1.50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने नीलामी को पंजाब के क्रिकेट टैलेंट के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजियों ने स्थानीय खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम में शामिल करने में काफी उत्साह दिखाया है।
लीग में फाजिल्का फाल्कन्स, अमृतसर सूरमाज, लुधियाना लायंस, जालंधर वॉरियर्स, मोहाली किंग्स और बठिंडा रॉयल्स समेत छह टीमें मैदान में उतरेंगी। शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह, रामदीप सिंह और गुरनूर बराड़ को मार्की खिलाड़ियों के तौर पर 10-10 लाख रुपये में टीमों ने चुना है।
4.20 लाख की बोली ने चौंकाया, उदय सहारन पर बठिंडा रॉयल्स का भरोसा
नीलामी में बठिंडा के युवा क्रिकेटर उदय प्रताप सहारन भी चर्चा में रहे। बठिंडा रॉयल्स ने उनकी एक लाख रुपये की बेस प्राइस से चार गुना से अधिक रकम खर्च करते हुए 4.20 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया।
उदय ने हाल ही में अंतर-जिला सीनियर क्रिकेट टूर्नामेंट में बठिंडा की ओर से खेलते हुए 203 रन की शानदार दोहरी शतकीय पारी खेली थी। उनकी इस बेहतरीन बल्लेबाजी ने क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों का ध्यान खींचा।
अब शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग में 4.20 लाख रुपये की बोली लगने के साथ उदय को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच मिला है। उनकी इस उपलब्धि को बठिंडा क्रिकेट के लिए भी बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है।






