10 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): आम आदमी पार्टी के यूथ विंग की ओर से मोहाली में आयोजित ‘पंजाब यूथ रन-2026’ में युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मिनी मैराथन में कुल 6250 प्रतिभागी शामिल हुए। आयोजन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
दौड़ की शुरुआत गुरुद्वारा अंब साहिब के सामने से हुई। प्रतिभागी मोहाली के अलग-अलग इलाकों से गुजरते हुए निर्धारित रूट के जरिए वापस उसी स्थान पर पहुंचे, जहां दौड़ का समापन किया गया।
आयोजन से जुड़े यूथ विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. बीरदविंदर सिंह बल्लां और प्रदेश संयुक्त सचिव गुरप्रीत सिंह बैंस ने बताया कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें नशे से दूर रखने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
रन को हरी झंडी दिखाने और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए सांसद मलविंदर सिंह कंग, गुरमीत सिंह मीत हेयर, मोहाली विधायक कुलवंत सिंह, यूथ विंग पंजाब के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह लालपुरा, यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी, विधायक दिनेश चड्ढा, विधायक चरणजीत सिंह, मोहाली के मेयर सरबजीत सिंह समाना और जिला योजना बोर्ड की चेयरपर्सन प्रभजोत कौर सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर बंटी बैंस, कुलविंदर बिल्ला और नवदीप सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उपस्थित नेताओं ने आयोजकों और प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। साथ ही युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने की अपील की।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को कुल 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा दौड़ में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को मेडल और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के साथ-साथ नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया।






