10 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): गुरदासपुर के गांव वड़ैच पार्क के पास जीटी रोड पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप की बाइक से टक्कर के कारण हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दिए बयान में कीड़ी अफगाना, काहनूवान निवासी अर्शदीप सिंह ने बताया कि वह निजी काम से अड्डा कोट टोडर मल गया था। वहां उसकी मुलाकात अपने दोस्त सुखविंदर सिंह से हुई, जो मूल रूप से नेनाईक कोट का रहने वाला है और फिलहाल काहनूवान में रह रहा था। इसके बाद दोनों बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर नेनाईक कोट की ओर रवाना हुए।
जब वे वड़ैच पार्क के पास जीटी रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप के चालक ने कथित तौर पर गलत दिशा में लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में सुखपिंदर सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी अर्शदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
एएसआई अमरीक चंद के अनुसार, पुलिस ने मामले में बोलेरो पिकअप चालक युवराज सिंह, निवासी रामपुरा, बटाला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






