Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabपंजाब-चंडीगढ़ में फिर बदला मौसम

पंजाब-चंडीगढ़ में फिर बदला मौसम

10 अगस्त,2026 (विशाल गुप्ता): पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार सुबह से मोहाली समेत कई इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश से सटे पंजाब के तीन जिलों होशियारपुर, पठानकोट और रूपनगर के कुछ इलाकों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

चंडीगढ़ में भी दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

इससे पहले रविवार को बारिश नहीं होने के कारण पंजाब में गर्मी और उमस बढ़ गई थी। राज्य के औसत तापमान में करीब 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि तापमान सामान्य स्तर के आसपास ही रहा। श्री आनंदपुर साहिब में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पंजाब के 17 जिलों में बारिश बेहद कम रही।

मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार, गंगा के पार पश्चिम बंगाल में बना कम दबाव का क्षेत्र अब झारखंड की ओर पहुंच गया है और धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा जयपुर के उत्तर में भी एक नया कम दबाव वाला क्षेत्र सक्रिय हुआ है। इन मौसमी सिस्टमों को जोड़ने वाली ट्रफ लाइन दिल्ली से खिसककर राजस्थान की ओर बढ़ गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी तट के समानांतर सक्रिय तेज सोमाली जेट स्ट्रीम के प्रभाव से गोवा से केरल तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन मौसम प्रणालियों का असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमालयी राज्यों में भी देखने को मिल सकता है, जहां बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। दूसरी ओर, बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश में कमी आने का अनुमान है।

गर्मी-उमस के बीच बिजली की खपत बढ़ी

तापमान और नमी बढ़ने के साथ पंजाब में बिजली की मांग भी तेज हो गई है। रविवार रात राज्य में बिजली की अधिकतम मांग 13,243 मेगावाट तक पहुंच गई। इसमें करीब 4,934 मेगावाट बिजली राज्य के अपने उत्पादन स्रोतों से मिली, जबकि लगभग 8,307 मेगावाट बिजली ग्रिड से ली गई।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से पंजाब के कई हिस्सों में गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments