करनाल 10 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के करनाल निवासी और सी.आर.पी.एफ. में सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार का ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद निधन हो गया। कृष्ण कुमार दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश शर्मा के आवास पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे। शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद साथी जवान उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
कृष्ण कुमार की पार्थिव देह रविवार को उनके पैतृक गांव जुंडला लाई गई। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार, ग्रामीणों और CRPF के जवानों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
परिजनों के मुताबिक, 7 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे ड्यूटी के दौरान कृष्ण कुमार का ब्लड प्रेशर अचानक गिर गया। उनकी हालत गंभीर होने पर CRPF के जवानों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। रात में इलाज के दौरान उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और कुछ समय बाद उनका निधन हो गया। परिवार को रात करीब 1:30 बजे फोन के जरिए उनके निधन की सूचना मिली।
खास बात यह रही कि जिस दिन कृष्ण कुमार ने अंतिम सांस ली, उसी दिन उनका जन्मदिन भी था। उनके निधन की खबर से परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी रेखा, बेटा आदित्य और बेटी नेहा परिवार में हैं। बेटा आदित्य कनाडा में पढ़ाई कर रहा है। पिता के निधन की सूचना मिलते ही वह कनाडा से गांव पहुंच गया।
परिवार के सदस्य सुभाष ने बताया कि कृष्ण कुमार ने अपना पूरा जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया था। सी.आर.पी.एफ. में सेवा देने के अलावा उन्होंने नेशनल सिक्योरिटी गार्ड में करीब छह वर्ष और रैपिड एक्शन फोर्स में दो वर्ष तक जिम्मेदारी निभाई।
सुभाष के अनुसार, परिवार के लोग कई बार कृष्ण कुमार से सेवानिवृत्ति लेने की बात कहते थे, लेकिन वह हमेशा देश की सेवा जारी रखने की इच्छा जताते थे। उनका कहना था कि वह जीवनभर देश की सेवा करना चाहते हैं। परिवार को उनकी देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा पर हमेशा गर्व रहा।
कृष्ण कुमार के आकस्मिक निधन से परिवार के साथ-साथ जुंडला गांव में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने उन्हें एक समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ जवान के रूप में याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।






