Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaनोटिस वितरण और दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा...

नोटिस वितरण और दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें अधिकारी:विश्राम कुमार मीणा

कुरुक्षेत्र 12 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले में 1 लाख 11 हजार 738 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। ये वे मतदाता हैं, जो या तो अनमैप्ड हैं या उनके नाम, आयु तथा अन्य विवरणों में विसंगतियां हैं। इनमें से करीब 72 हजार 348 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, शेष मतदाताओं को भी समयबद्ध रूप से नोटिस उपलब्ध करवाएं जाएं। इसके साथ ही दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सही विवरण के साथ दर्ज हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई और उनके सत्यापन का कार्य पूरी पारदर्शिता तथा निष्पक्षता के साथ किया जाए। बीएलओ नागरिकों से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का गंभीरता से निपटारा करें। इसके साथ ही सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संबंधित मतदाता 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ जब उनके घर नोटिस देने या दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहुंचे तो उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाकर सहयोग करें। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन युवाओं ने सात जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इसके लिए कॉलेजों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रह जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments