Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaविद्यार्थियों की नवाचारी सोच को मिलेगी नई उड़ान, इंस्पायर अवॉर्ड-मानक में 15...

विद्यार्थियों की नवाचारी सोच को मिलेगी नई उड़ान, इंस्पायर अवॉर्ड-मानक में 15 सितंबर तक करें नामांकन

कुरुक्षेत्र 12 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत द्वारा देशभर के स्कूली विद्यार्थियों के लिए संचालित इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना 2026-27 के नामांकन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। योजना के तहत कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी अपने मौलिक, नवीन एवं विज्ञान-आधारित विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। नामांकन को गति देने के उद्देश्य से खंड शिक्षा अधिकारी लाडवा डॉ. ऋषि पाल भारद्वाज की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें खंड लाडवा के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के मुखियाओं को आमंत्रित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी लाडवा डॉ. ऋषि पाल भारद्वाज ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार की भावना एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे भविष्य में समाज और देश की तकनीकी प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने विद्यालय मुखियाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस योजना में सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। प्रत्येक विद्यालय द्वारा अधिकतम 5 नवीन विचार नामांकित किए जा सकते हैं, जिनमें कक्षा 11 एवं 12 (विज्ञान संकाय) के अधिकतम 2 विचार शामिल हो सकते है। विद्यार्थियों के विचार मौलिक, व्यावहारिक, समाजोपयोगी एवं पर्यावरण के अनुकूल होने चाहिए। उन्होंने उपस्थित विद्यालय मुखियाओं को इंस्पायर अवॉर्ड-मानक योजना के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाते हुए बताया कि चयनित विद्यार्थियों को सरकार की ओर से 10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने मॉडल अथवा वैज्ञानिक प्रोजेक्ट को विकसित कर सकें। चयनित विद्यार्थी अपने मॉडल/प्रोजेक्ट को जिला एवं राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में प्रस्तुत करेंगे।
डॉ. तरसेम कौशिक ने कहा इंस्पायर अवॉर्ड-मानक योजना केवल पुरस्कार जीतने का अवसर नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के लिए अपनी सोच को वास्तविकता में बदलने का एक महत्वपूर्ण मंच है। आज विज्ञान एवं तकनीकी के क्षेत्र में नवाचार ही समाज के विकास की कुंजी है। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रारंभिक अवस्था में ही समस्याओं की पहचान कर उनके वैज्ञानिक समाधान खोजने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी विद्यालय मुखियाओं से आह्वान किया कि वे अपने विद्यालयों से अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं नवीन विचारों का नामांकन करवाएं तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इसके लिए प्रेरित करें।
डॉ. ऋषि पाल भारद्वाज ने सभी विद्यालय मुखियाओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों को इंस्पायर अवॉर्ड-मानक योजना में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि खंड लाडवा के सभी वरिष्ठ माध्यमिक, उच्च एवं माध्यमिक विद्यालयों से अधिकतम 5-5 नामांकन करवाने का प्रयास किया जाए ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी अपने नवीन, व्यवहारिक एवं समाजोपयोगी विचारों के साथ आगे आ सकें। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनी के प्राचार्य राजेश सैनी, नीलम सैनी, माया देवी सहित विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों के मुखिया एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments