संगरूर, 13 अगस्त,2026 (बलजीत सरना): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 के कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के तहत जिले के सभी बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर जाकर गणना फॉर्मों के सत्यापन का कार्य 03.08.2026 तक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 13.08.2026 को प्रकाशित की गई फोटो मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल के संबंध में डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी, संगरूर श्रीमती पूनमदीप कौर के निर्देशों के पालन में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी संगरूर श्री अंकुर महिंदरू ने जिले की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के अध्यक्षों, सचिवों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

आयोग के निर्देशों के अनुसार 13.08.2026 को फोटो मतदाता सूचियों के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद जिले के पांच विधानसभा चुनाव क्षेत्रों की ड्राफ्ट फोटो मतदाता सूची-2026 का एक-एक पूरा सेट तथा बिना फोटो वाली मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी बैठक के दौरान जिले की सभी राजनीतिक पार्टियों के जिला अध्यक्षों को प्राधिकरण पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।
अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि आज 13.08.2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट फोटो मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 8,64,592 मतदाता हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र 099-लहरागा में 1,68,830, 100-दिड़बा में 1,78,954, 101-सुनाम में 1,88,631, 107-धूरी में 1,54,021 और 108-संगरूर में 1,74,156 मतदाता हैं। वहीं कुल 53,486 मतदाता अनुपस्थित पाए गए, जिसके कारण उनके गणना फॉर्म एकत्र नहीं हो सके। इसलिए इन 53,486 मतदाताओं के नाम 13.08.2026 को प्रकाशित की जा रही मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल में दर्ज नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के बाद जिले में कुल 36 नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 1,042 हो गई है।
उन्होंने आगे बताया कि आयोग के कार्यक्रम के अनुसार एस.आई.आर. के दूसरे चरण के तहत दावे और आपत्तियां 13.08.2026 से 12.09.2026 तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 08.10.2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 12.10.2026 को फोटो मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट फोटो मतदाता सूचियां उपलब्ध करवाते हुए अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि वे इन मतदाता सूचियों की अच्छी तरह जांच कर लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है या किसी प्रकार का संशोधन करवाना है, तो संबंधित फॉर्म भरकर संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय में या ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in पर आवेदन किया जा सकता है।
इसके अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष रूप से बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आम जनता और मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला चुनाव कार्यालय, संगरूर के 1950 टोल-फ्री नंबर पर चुनाव संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने, सुझाव देने या शिकायत दर्ज करवाने के लिए संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में श्री सतगुर सिंह और श्री पवित्र सिंह (बहुजन समाज पार्टी), श्री चमकौर सिंह (सी.पी.आई.-एम), श्री संदीप कुमार (आम आदमी पार्टी), श्री रॉकी बांसल (इंडियन नेशनल कांग्रेस), श्री गुरनैब सिंह (शिरोमणि अकाली दल अमृतसर), श्री शेर सिंह बल्लेवाल (शिरोमणि अकाली दल) के अलावा श्री राजबीर सिंह, सहायक कमिश्नर (ज), संगरूर और श्रीमती परमजीत कौर, चुनाव तहसीलदार उपस्थित रहे।






