पटियाला, 14 अगस्त,2026 (अमनदीप सरां): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पटियाला के राजा भलिंदर सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पोलो ग्राउंड में आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय समारोह की आज आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल का उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ एस.पी. (स्थानीय) वैभव चौधरी और ए.डी.सी. (ज) अनुप्रिता जौहल भी मौजूद थीं।

उपायुक्त ने इस अवसर पर देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष पटियाला में यह समारोह बहुत ही भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी जिला वासियों से स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पोलो ग्राउंड में पहुंचने की अपील की। उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी विकास और खाद्य प्रसंस्करण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां पटियाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा करेंगे और जिला वासियों के नाम अपना संदेश देंगे।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान परेड कमांडर डी.एस.पी. फतेह सिंह बराड़ के नेतृत्व में आई.टी.बी.पी., जिला पुलिस, महिला विंग, पंजाब होमगार्ड्स, एन.सी.सी. आर्मी एवं एयर विंग, पुरानी पुलिस लाइन स्कूल की सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल, पंजाबी यूनिवर्सिटी की गाइड स्काउट टुकड़ियों सहित पंजाब पुलिस की आई.आर.बी. की पाइप बैंड टुकड़ी ने तिरंगे झंडे को सलामी दी। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के साथ-साथ गतका के जौहर भी दिखाए गए। उपायुक्त ने बताया कि समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री देश की आजादी की लड़ाई में महान योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा उनके परिवारों एवं उत्तराधिकारियों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में प्रशंसनीय कार्य करने वाली शख्सियतों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए जिला पुलिस द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं और आवश्यक पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समारोह के मद्देनजर अपनी चौकसी और बढ़ा दी है। एस.पी. वैभव चौधरी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी लावारिस वस्तु को हाथ न लगाएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना नजदीकी पुलिस थाने, चौकी, नाके या पी.सी.आर. टीम को दें। इसके अलावा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी सूचना दी जा सकती है।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त पूजा स्याल, ए.डी.सी. (आर.डी.) दमनजीत सिंह मान, ए.डी.सी. (ज) अनुप्रिता जौहल, एस.पी. पलविंदर सिंह चीमा, सुखअमृत सिंह रंधावा, एस.डी.एम., डी.आर.ओ., सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।






