15 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): इंडोनेशिया के तट के पास शनिवार सुबह शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 7.7 बताई गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। भूकंप के बाद कुछ इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई।
यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर करीब 35 किलोमीटर की गहराई में था। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 4:58 बजे आए मुख्य झटके के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए।
इंडोनेशिया की बी.एम.के.जी. एजेंसी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों का आकलन कर रही है। लोगों को संभावित समुद्री लहरों और भूकंप के बाद के झटकों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, ऑस्ट्रेलियाई सुनामी चेतावनी एजेंसी ने कहा है कि इस भूकंप से ऑस्ट्रेलियाई मुख्य भूमि, उसके द्वीपों या अन्य क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई सुनामी खतरा नहीं है।






