15 अगस्त,2026 (काजल): भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार को विश्व कप में वेल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम का लक्ष्य 51 साल से चले आ रहे विश्व कप पदक के सूखे को खत्म करना है।
भारत ने आखिरी बार 1975 में विश्व कप खिताब जीता था। हालिया प्रदर्शन को देखते हुए टीम से इस बार पदक की उम्मीदें बढ़ी हैं। भारत ने एशिया कप जीतने के बाद प्रो लीग में जर्मनी और नीदरलैंड जैसी मजबूत टीमों को भी हराया है।
पीआर श्रीजेश के संन्यास के बाद यह भारत का पहला बड़ा टूर्नामेंट है। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा पर होगी, जबकि हरमनप्रीत की ड्रैग फ्लिक और अनुभवी मनप्रीत सिंह टीम के अहम हथियार होंगे।
भारत को पूल चरण में 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से भी मुकाबला करना है। ऐसे में वेल्स के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत करना टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी।






