16 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती):आई.टी.बी.पी. के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डी.आई.जी.) परमिंदर सिंह का उनके पैतृक शहर श्री आनंदपुर साहिब में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। हरियाणा में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उनकी असमय मौत हो गई थी।
मसूरी से ट्रेनिंग पूरी कर लौटते समय हुए हादसे के बाद आई.टी.बी.पी. के जवान उनके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक घर लेकर पहुंचे। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और नम आंखों से अपने जांबाज अधिकारी को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार में आई.टी.बी.पी. के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने सैन्य परंपरा के अनुसार सलामी दी। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
डी.आई.जी.परमिंदर सिंह की मौत से श्री आनंदपुर साहिब सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। देश सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा।






