पटियाला, 19 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): सिविल सर्जन कार्यालय, पटियाला की ओर से नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सिविल सर्जन पटियाला डॉ. शेली जेटली और जिला प्रोग्राम अधिकारी डॉ. इंद्रप्रीत रंधावा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान टीम ने पुरी मार्केट, लेहल चौक, सरहिंद बाईपास, राजपुरा रोड और परशुराम चौक सहित विभिन्न स्थानों पर जांच की।
जिला प्रोग्राम अधिकारी डॉ. इंद्रप्रीत रंधावा ने बताया कि जांच के दौरान सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम। एक्ट की धारा 4 का उल्लंघन करने वाले 15 लोगों के चालान किए गए और कुल ₹2,500 का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने कहा कि तंबाकू उत्पादों की बिक्री और उपयोग से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे ऐसे अभियान लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. रंधावा ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण को लेकर इस तरह की चेकिंग आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगी, ताकि पटियाला को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
इस अभियान के दौरान सिविल सर्जन कार्यालय से डीएचओ डॉ. गुरप्रीत कौर, जेडएलए नवजोत कौर, एमपीएचएस अनिल गुरु, एमपीएचएस परमजीत सिंह और लखबीर सिंह के अलावा फूड सेफ्टी अधिकारी तथा ड्रग सेफ्टी अधिकारी भी मौजूद रहे।






